कवर्धाछत्तीसगढ़

कवर्धा में फिर गूंजेगा हास्य और व्यंग्य का रंग, 15 मई को गांधी मैदान में होगा अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन

कवर्धा। पिछले वर्ष मिली ऐतिहासिक सफलता और लोगों के अपार प्रेम के बाद इस वर्ष भी कवर्धा शहर के ऐतिहासिक गांधी मैदान में भव्य अखिल भारतीय हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन किया जा रहा है। सांस्कृतिक साहित्य उत्सव समिति के तत्वावधान में आयोजित होने वाला यह बहुप्रतीक्षित कार्यक्रम आगामी 15 मई को होगा, जिसकी तैयारियां युद्धस्तर पर शुरू हो चुकी हैं। आयोजन को लेकर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों में उत्साह का माहौल देखा जा रहा है।

कार्यक्रम को लेकर शनिवार को समिति के पदाधिकारियों और सदस्यों ने प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री एवं वर्तमान विधानसभा अध्यक्ष डॉ रमन सिंह से सौजन्य मुलाकात की। इस दौरान समिति के सदस्यों ने उन्हें आयोजन की विस्तृत जानकारी दी और कवर्धा में लगातार साहित्यिक एवं सांस्कृतिक आयोजनों के माध्यम से साहित्य प्रेमियों को जोड़ने के प्रयासों से अवगत कराया। विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे कार्यक्रम समाज में सकारात्मक वातावरण निर्मित करते हैं तथा नई पीढ़ी को साहित्य और संस्कृति से जोड़ने का कार्य करते हैं।

इस अवसर पर उनके करकमलों से कार्यक्रम के पोस्टर का भव्य विमोचन भी किया गया। उन्होंने आयोजन समिति को शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम की सफलता की कामना की।

इसके पश्चात समिति के सदस्यों ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री एवं गृहमंत्री विजय शर्मा से भी मुलाकात कर उन्हें कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया। इस दौरान उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने आयोजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि कवर्धा लगातार सांस्कृतिक गतिविधियों का केंद्र बनता जा रहा है और हास्य कवि सम्मेलन जैसे आयोजन समाज में आनंद और सकारात्मक ऊर्जा का संचार करते हैं। उनके द्वारा भी कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन किया गया।
वहीं पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं पंडरिया विधायक भावना बोहरा ने भी आयोजन के लिए समिति को बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। दोनों जनप्रतिनिधियों ने कहा कि साहित्य और संस्कृति किसी भी समाज की पहचान होती है तथा ऐसे आयोजनों से स्थानीय प्रतिभाओं को मंच मिलता है। इस दौरान उन्होंने भी कार्यक्रम के पोस्टर का विमोचन कर आयोजन को सफल बनाने का संदेश दिया।

समिति के सदस्यों ने बताया कि इस वर्ष का हास्य कवि सम्मेलन पहले से अधिक भव्य और आकर्षक होने जा रहा है। कार्यक्रम में देश के विभिन्न राज्यों से राष्ट्रीय स्तर के प्रसिद्ध हास्य एवं व्यंग्य कवि शामिल होंगे, जो अपनी ओजपूर्ण, हास्यपूर्ण और सामाजिक संदेशों से भरपूर कविताओं के माध्यम से लोगों को देर रात तक गुदगुदाएंगे। इसके साथ ही कवर्धा और आसपास के स्थानीय कवियों को भी मंच प्रदान किया जाएगा, जिससे क्षेत्रीय प्रतिभाओं को अपनी कला प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा।

आयोजन समिति के अनुसार कवि सम्मेलन का उद्देश्य केवल मनोरंजन नहीं बल्कि साहित्य, संस्कृति और हिंदी भाषा के प्रति लोगों में रुचि बढ़ाना भी है। पिछले वर्ष आयोजित कार्यक्रम में हजारों की संख्या में लोगों की उपस्थिति रही थी और देर रात तक दर्शक हास्य और व्यंग्य की प्रस्तुतियों का आनंद लेते रहे थे। इसी उत्साह को देखते हुए इस बार आयोजन को और अधिक भव्य स्वरूप दिया जा रहा है। समिति ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इस सांस्कृतिक आयोजन का हिस्सा बनें और साहित्यिक परंपरा को मजबूत करने में सहयोग करें।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button