
प्रदीप गुप्ता कवर्धा,कवर्धा। पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की शानदार सफलता के बाद प्रदेश के उप मुख्यमंत्री एवं कवर्धा विधायक Vijay Sharma के पहली बार कवर्धा पहुंचने पर शहर में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।
भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों, आतिशबाजी और जयघोष के साथ उनका भव्य स्वागत किया। ठाकुर देव चौक से लेकर शहर के कई हिस्सों तक कार्यकर्ताओं का उत्साह चरम पर नजर आया।
बंगाल चुनाव के दौरान पार्टी संगठन ने विजय शर्मा को अहम जिम्मेदारी सौंपी थी। उन्होंने लगातार कई क्षेत्रों में प्रवास कर बूथ स्तर तक संगठन को सक्रिय करने, कार्यकर्ताओं में जोश भरने और चुनावी रणनीति को मजबूत करने का काम किया। भाजपा की बड़ी जीत के बाद कवर्धा में भी कार्यकर्ताओं ने इसे संगठन की मेहनत और नेतृत्व की रणनीति का परिणाम बताया।

स्वागत कार्यक्रम के दौरान “भारत माता की जय”, “मोदी-मोदी” और “विजय शर्मा जिंदाबाद” के नारों से पूरा क्षेत्र गूंज उठा। बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों की मौजूदगी ने कार्यक्रम को राजनीतिक शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया।
इस दौरान उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जनता ने भय, हिंसा और अराजक राजनीति को नकारते हुए विकास, लोकतंत्र और सुशासन के पक्ष में मतदान किया है। उन्होंने कहा कि भाजपा आज केवल एक राजनीतिक दल नहीं, बल्कि देश के विकास और राष्ट्रहित के संकल्प का प्रतीक बन चुकी है।
उन्होंने कार्यकर्ताओं का आभार जताते हुए कहा कि प्रधानमंत्री Narendra Modi के नेतृत्व में भाजपा लगातार देशभर में जनविश्वास हासिल कर रही है और आने वाले समय में संगठन को और मजबूत बनाने के लिए कार्यकर्ता पूरी ताकत से जुटे रहेंगे





