कवर्धा,युवाओं की पसंद बने चन्द्रेश यादव, सर्व यादव समाज ने निर्विरोध चुना युवा जिलाध्यक्ष,समाज के प्रमुखों ने दी बधाई तो युवाओं ने लगाए गले ।।

प्रदीप गुप्ता कवर्धा, कबीरधाम जिले के सर्व यादव समाज की महत्वपूर्ण बैठक में समाज के संगठन को मजबूत बनाने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने को लेकर व्यापक चर्चा हुई। बैठक में समाज को नई दिशा देने के लिए एक शिक्षित, सक्रिय और ऊर्जावान नेतृत्व की आवश्यकता पर सहमति बनी। इसके बाद सर्वसम्मति से युवा समाजसेवी चन्द्रेश यादव को सर्व यादव समाज का निर्विरोध जिलाध्यक्ष चुना गया।
जैसे ही चन्द्रेश यादव के नाम की घोषणा हुई, बैठक स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समाज के वरिष्ठजनों और युवाओं ने उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। बुजुर्गों ने गुलाल लगाकर और पुष्पमाला पहनाकर उन्हें आशीर्वाद दिया, वहीं युवाओं ने गले लगाकर शुभकामनाएं देते हुए नए नेतृत्व के प्रति अपना विश्वास जताया।
चन्द्रेश यादव लंबे समय से सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय हैं। बताया गया कि वे पिछले करीब 20 वर्षों से समाज के लोगों को शिक्षा, सामाजिक जागरूकता और संगठनात्मक रूप से मजबूत करने के लिए निरंतर कार्य कर रहे हैं। उनके प्रयासों से समाज के विभिन्न वर्गों को लाभ मिला है। सामाजिक क्षेत्र के साथ-साथ उनकी राजनीतिक क्षेत्र में भी अच्छी पहचान है और उन्हें प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा का करीबी माना जाता है।
नवनियुक्त जिलाध्यक्ष चन्द्रेश यादव ने सभी समाजजनों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें जो जिम्मेदारी सौंपी गई है, उसका पूरी ईमानदारी और समर्पण के साथ निर्वहन करेंगे। उन्होंने कहा कि उनकी प्राथमिकता समाज में शिक्षा को बढ़ावा देना, युवाओं और युवतियों को आगे लाना, संगठन को मजबूत करना तथा समाज के प्रत्येक वर्ग को साथ लेकर विकास की दिशा में कार्य करना होगा। उन्होंने विश्वास जताया कि सभी के सहयोग से यादव समाज को हर क्षेत्र में नई पहचान दिलाने और प्रदेश में एक मजबूत संगठन के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया जाएगा।





