होटलों और रेस्टोरेंट में खाद्य विभाग की छापेमार कार्रवाई से होटल संचालकों में हड़कंप ।

प्रदीप गुप्ता कवर्धा। कवर्धा दीपावली के बाद अब खाद्य सुरक्षा को लेकर खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग एक्शन मोड में नजर आ रहा है। शासन के ‘सुरक्षित आहार, हमार अधिकार’ अभियान के तहत विभागीय टीम ने कवर्धा शहर के होटल और रेस्टोरेंट में दबिश देकर खाद्य पदार्थों की सघन जांच शुरू कर दी है। इसी कड़ी में टीम ने शहर के बस स्टैंड स्थित या गोसिया चिकन एवं मटन सेंटर में भी औचक निरीक्षण किया। अधिकारियों ने साफ-सफाई, खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता व्यवस्था का बारीकी से जायजा लिया। वहीं जांच के लिए चिकन और मटन के नमूने भी एकत्र किए गए हैं।
प्रदेशभर में नकली पनीर और मिलावटी खाद्य पदार्थों के खिलाफ चल रही कार्रवाई के बीच कवर्धा में भी खाद्य एवं औषधि प्रशासन विभाग ने सख्ती बढ़ा दी है। टीम शहर के अलग-अलग होटल और रेस्टोरेंट में पहुंचकर खाद्य सामग्री की गुणवत्ता की जांच कर रही है। निरीक्षण के दौरान बस स्टैंड स्थित या गोसिया चिकन एवं मटन सेंटर से भी खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
फिलहाल नमूनों की जांच रिपोर्ट का इंतजार है। रिपोर्ट में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता में गड़बड़ी या मिलावट की पुष्टि होने पर विभाग संबंधित संचालकों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करेगा। इस औचक दबिश के बाद होटल और रेस्टोरेंट संचालकों में हड़कंप मचा हुआ है।





