गुरुकुल के मंच पर नन्हे सितारों का जलवा, 74 स्टॉल में दिखी हुनर और उद्यमिता की झलक
फैशन शो में बच्चों ने बिखेरे रंग, आनंद मेले में स्वाद, संगीत और मनोरंजन का दिखा अनूठा संगम

प्रदीप गुप्ता कवर्धा,कवर्धा। नन्हे कदमों का आत्मविश्वास, रंग-बिरंगी पोशाकों में बच्चों की अदाएं और खान-पान के स्टॉल पर उमड़ती भीड़… कुछ ऐसा ही खुशनुमा नजारा देखने को मिला गुरुकुल पब्लिक स्कूल कवर्धा में, जहां फैशन शो और आनंद मेले के आयोजन ने पूरे विद्यालय परिसर को उत्सव के रंगों से सराबोर कर दिया।
विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, रचनात्मकता और व्यावहारिक प्रतिभा को मंच देने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में बच्चों ने अपनी प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन किया। नर्सरी से कक्षा पहली तक के नन्हे विद्यार्थियों के लिए आयोजित फैशन शो में बच्चों ने आकर्षक और बहुरंगी परिधानों के साथ अपने अभिनय, हाव-भाव और आत्मविश्वास से दर्शकों का दिल जीत लिया। समारोह के मुख्य अतिथि नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी रहे। निर्णायक मंडल ने बच्चों की पोशाक, प्रस्तुति और कलात्मक अभिव्यक्ति के आधार पर प्रतिभागियों का मूल्यांकन किया। उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को अतिथियों ने पुरस्कृत किया।
वहीं दूसरी ओर, अन्य कक्षाओं के विद्यार्थियों के लिए आयोजित आनंद मेला आकर्षण का बड़ा केंद्र रहा। मेले में कुल 74 स्टॉल लगाए गए, जिनमें लगभग 60 खान-पान और 14 खेल एवं मनोरंजक गतिविधियों से संबंधित थे। विद्यार्थियों ने अपने हाथों से स्वादिष्ट व्यंजन तैयार कर न केवल पाककला का हुनर दिखाया, बल्कि खरीद-बिक्री, प्रबंधन, टीमवर्क और व्यापारिक समझ का भी परिचय दिया। पाव-भाजी, सॉफ्टी और बनारसी पान के स्टॉल पर विशेष आकर्षण देखने को मिला। देशी से लेकर विदेशी व्यंजनों तक शुद्ध शाकाहारी पकवानों का लोगों ने जमकर लुत्फ उठाया।
आनंद मेले के मुख्य अतिथि चैंबर्स ऑफ कॉमर्स कवर्धा के अध्यक्ष दिनेश जैन रहे। कार्यक्रम में विद्यालय के संगीत विभाग की ओर से शानदार आर्केस्ट्रा प्रस्तुति दी गई। शिक्षकों, विद्यार्थियों और अतिथियों ने भी अपनी गायकी से समां बांधा। इस अवसर पर नगर सेठ गणेशोत्सव समिति कवर्धा और इंफ्लुएंसर ग्रुप के सदस्यों को सम्मानित भी किया गया।
संस्था के प्राचार्य मनोज कुमार राय ने अतिथियों और अभिभावकों का स्वागत किया। विद्यालय के मीडिया प्रभारी एवं पीजीटी हिंदी शिक्षक डॉ. विजय कुमार शाही ने बताया कि इस तरह के आयोजन बच्चों को किताबी शिक्षा के साथ व्यवहारिक ज्ञान, आत्मविश्वास और अपनी प्रतिभा को प्रदर्शित करने का अवसर प्रदान करते हैं।
सुबह 9:30 बजे से शाम 4:30 बजे तक चले इस आयोजन में उत्साह और उमंग का माहौल बना रहा। संस्था के अध्यक्ष, पदाधिकारियों और प्राचार्य ने आयोजन की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए भविष्य में भी ऐसे कार्यक्रमों के आयोजन की बात कही।





