कवर्धाछत्तीसगढ़बेमेतराराजनांदगांव

कवर्धा, गन्ना किसानों की बल्ले-बल्ले! अब 425 रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव, पिछले सत्र का भुगतान भी बढ़ी दर से,समाप्त कर सकते चक्का जाम

कवर्धा। छत्तीसगढ़ के गन्ना उत्पादक किसानों के लिए बड़ी खबर है। राज्य सरकार ने गन्ने की खरीदी की दर बढ़ाकर 425 रुपये प्रति क्विंटल करने का निर्णय लिया है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल से चर्चा के बाद यह फैसला लिया। खास बात यह है कि पेराई सत्र 2025-26 में खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के अनुसार किया जाएगा। इससे प्रदेश के गन्ना किसानों को आर्थिक लाभ मिलेगा।

गन्ना किसानों के हितों को लेकर भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। इस दौरान गन्ने की खरीदी दर का विषय प्रमुखता से उठा। किसानों के हितों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने खरीदी दर 425 रुपये प्रति क्विंटल निर्धारित करने का निर्णय लिया।

बैठक में उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा भी मौजूद रहे। भारतीय किसान संघ के प्रदेश संगठन मंत्री मनीष शर्मा, महामंत्री नवीन शेष सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य प्रतिनिधिमंडल में शामिल थे।

पिछले पेराई सत्र के भुगतान पर भी मिलेगा लाभ

सरकार के इस फैसले का असर केवल आगामी खरीदी तक सीमित नहीं रहेगा। पेराई सत्र 2025-26 में किसानों से खरीदे गए गन्ने का भुगतान भी बढ़ी हुई दर के आधार पर किया जाएगा। इससे पहले गन्ना बेच चुके किसानों को भी इस निर्णय का लाभ मिलेगा।

मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि किसानों की खुशहाली और खेती को लाभकारी बनाना राज्य सरकार की प्राथमिकता है। सरकार का प्रयास है कि किसानों को उनकी उपज का उचित मूल्य मिले और उनकी आर्थिक स्थिति मजबूत हो।

वहीं, भारतीय किसान संघ के प्रतिनिधिमंडल ने खरीदी दर बढ़ाने के फैसले का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री के प्रति आभार जताया। संगठन ने उम्मीद जताई कि इस निर्णय से प्रदेश के गन्ना उत्पादक किसानों को राहत मिलेगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button