
कवर्धा, कवर्धा शिक्षा के साथ संस्कार और सामाजिक जागरूकता का संदेश देने में अग्रणी गुरुकुल पब्लिक स्कूल, कवर्धा ने एक बार फिर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया है। अभ्युदय स्कूल द्वारा आयोजित अंतर्विद्यालयीन नुक्कड़ नाटक प्रतियोगिता में गुरुकुल के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम स्थान हासिल किया।
हनुमान वाटिका के सुरम्य वातावरण में मंचित गुरुकुल का नुक्कड़ नाटक ‘एक सोच’ सोशल मीडिया के सदुपयोग और दुरुपयोग पर आधारित था, जिसने दर्शकों को सोचने पर मजबूर कर दिया। भावपूर्ण अभिनय और सशक्त प्रस्तुति ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों को अंत तक बांधे रखा।

मीडिया प्रभारी के अनुसार, इस प्रतियोगिता में अभ्युदय स्कूल, होली किंगडम स्कूल और अशोका पब्लिक स्कूल सहित कई संस्थाओं ने भाग लिया। डॉ. विजय कुमार शाही और अतुल वर्मा के मार्गदर्शन में, नेहा वर्मा, भारती राव, राधारानी एवं केजेलाल साहू के सहयोग से विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुति दी।
विशेष रूप से कक्षा 5वीं के छात्र कुनाल और गिरीश ने मदारी-जम्बूरे की भूमिका में दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करते हुए जोरदार तालियां बटोरीं।

नाटक के माध्यम से विद्यार्थियों ने संदेश दिया कि सोशल मीडिया एक दुधारी तलवार है—सही उपयोग से विकास संभव है, लेकिन लापरवाही नुकसानदेह हो सकती है। ऑनलाइन गेमिंग और रील्स की लत से बढ़ते अवसाद पर भी नाटक में गहरी चोट की गई।
प्रतियोगिता में अभ्युदय स्कूल द्वितीय और होली किंगडम स्कूल तृतीय स्थान पर रहे।
विद्यालय प्रबंधन और प्राचार्य ने सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए उज्ज्वल भविष्य की कामना की और सोशल मीडिया के सकारात्मक उपयोग का संदेश आगे बढ़ाने की बात कही।



