
कवर्धा। कबीरधाम जिले के खड़ौदा गांव में आयोजित सुशासन तिहार कार्यक्रम में प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा पहुंचे, जहां उन्होंने आमजन की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। इसी दौरान किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) की लंबित राशि का मामला सामने आया, जिस पर उपमुख्यमंत्री ने तत्काल हस्तक्षेप करते हुए किसानों को राहत दिलाई।
दरअसल, सुशासन तिहार के दौरान एक कांग्रेसी नेता सैकड़ों किसानों के साथ उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा के पास पहुंचे और बैंक प्रबंधन की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायत की। किसानों ने बताया कि वे पिछले करीब 10 दिनों से KCC की राशि के लिए लगातार बैंक के चक्कर लगा रहे थे, लेकिन उन्हें भुगतान नहीं मिल रहा था।
किसानों का आरोप था कि वे सुबह से बैंक पहुंचकर घंटों लाइन में खड़े रहते थे, लेकिन बाद में बैंक प्रबंधन “पैसे खत्म हो गए” कहकर उन्हें वापस लौटा देता था। चिलचिलाती धूप में किसान इस उम्मीद के साथ बैंक पहुंचते थे कि उन्हें राशि मिल जाएगी और वे अपने खेती-किसानी के कार्य आगे बढ़ा सकेंगे, लेकिन उन्हें बार-बार निराश होकर लौटना पड़ रहा था। इससे खेती से जुड़े कार्य भी प्रभावित हो रहे थे और किसानों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
मामले की गंभीरता को देखते हुए उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने तत्काल बैंक प्रबंधक और संबंधित अधिकारियों को निर्देश देते हुए सभी पात्र किसानों को लंबित KCC राशि का भुगतान करने के निर्देश दिए। साथ ही उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा ने भाजपा नेता मनीराम साहू , हेमचंद्र चन्द्रवंशी एवं जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किसानों को उनकी राशि उपलब्ध कराई गई।
राशि मिलने के बाद किसानों ने राहत की सांस ली और उपमुख्यमंत्री सहित शासन-प्रशासन के प्रति आभार जताया। सुशासन तिहार में मौके पर ही समस्या का समाधान होने से किसानों के बीच खुशी का माहौल देखने को मिला।





