
कवर्धा। भारत माता चौक से समनापुर पुलिया तक चल रहे सड़क चौड़ीकरण कार्य के बीच एक स्थानीय दुकानदार ने अपनी आजीविका बचाने की गुहार लगाई है। राजमहल चौक निवासी मलेश राजपूत ने आरोप लगाया है कि उनकी निजी भूमि पर बनी तीन छोटी दुकानें हटाने का दबाव बनाया जा रहा है, जबकि इन्हीं दुकानों से उनके और उनके छोटे भाई के परिवार का पालन-पोषण होता है।
मलेश राजपूत का कहना है कि उन्होंने अपनी समस्या और उचित मुआवजे को लेकर क्षेत्रीय विधायक एवं गृह मंत्री विजय शर्मा को आवेदन सौंपा था। उनके निर्देश पर नगर पालिका अध्यक्ष को भी समस्या के समाधान के लिए कहा गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई।
उन्होंने बताया कि सड़क चौड़ीकरण को लेकर आयोजित सामूहिक बैठक में कलेक्टर द्वारा आश्वासन दिया गया था कि उनकी निजी भूमि को प्रभावित नहीं किया जाएगा और सामने की शासकीय भूमि का उपयोग किया जाएगा। इसके बावजूद अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार दुकान खाली कराने और तोड़ने का दबाव बनाया जा रहा है।

मलेश राजपूत ने आशंका जताई है कि सड़क निर्माण की दिशा बदलकर उनकी दुकानों को नुकसान पहुंचाया जा सकता है, जिससे उनके परिवार की आजीविका पर सीधा संकट खड़ा हो जाएगा।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की है कि कलेक्टर के निर्देशों के अनुरूप कार्रवाई कर उनकी दुकानों को सुरक्षित रखा जाए, ताकि उनके परिवार का जीवन-यापन प्रभावित न हो।



