राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर कांग्रेस का हमला, न्यायिक जांच की मांग… भाजपा से पूछा- श्रेय लेते हैं तो जवाबदेही क्यों नहीं?

कवर्धा।
अयोध्या के राम मंदिर में चंदा और चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर कांग्रेस लगातार भाजपा पर हमलावर है। इसी कड़ी में कबीरधाम जिला कांग्रेस ने कांग्रेस भवन में प्रेसवार्ता कर मामले की न्यायिक और निष्पक्ष जांच की मांग उठाई। प्रेसवार्ता में वरिष्ठ कांग्रेस नेता एवं पूर्व कृषक कल्याण बोर्ड अध्यक्ष सुरेंद्र शर्मा ने केंद्र और उत्तर प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि मामले में केवल गिरफ्तारी पर्याप्त नहीं है, बल्कि पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि पुलिस ने चोरी के मामले में 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, लेकिन कांग्रेस का मानना है कि मामले के पीछे यदि कोई बड़ा नेटवर्क या मुख्य साजिशकर्ता है तो उस तक भी जांच पहुंचनी चाहिए। कांग्रेस ने मांग की कि पूरे प्रकरण की न्यायिक जांच कर दोषियों के साथ-साथ कथित मास्टरमाइंड पर भी सख्त कार्रवाई की जाए।

प्रेसवार्ता में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा पर राजनीतिक निशाना साधते हुए कहा कि जब भाजपा राम मंदिर निर्माण का श्रेय लेती है, तो मंदिर में हुए चढ़ावा चोरी मामले की जवाबदेही से पीछे क्यों हट रही है। कांग्रेस ने आरोप लगाया कि इस मामले में सच्चाई सामने लाने के लिए निष्पक्ष जांच जरूरी है।



