कवर्धाछत्तीसगढ़

पति के अधूरे सपनों को पूरा करने का लिया संकल्प, पदभार ग्रहण करते भावुक हुईं सहसपुर लोहारा की नवनिर्वाचित अध्यक्ष सरिता मिश्रा

प्रदीप गुप्ता कवर्धा, कबीरधाम जिले के नगर पंचायत सहसपुर लोहारा में अध्यक्ष पद के उपचुनाव में भारी बहुमत से जीत दर्ज करने के बाद भाजपा प्रत्याशी सरिता मिश्रा ने गुरुवार को शपथ ग्रहण कर विधिवत पदभार संभाल लिया। इस अवसर पर आयोजित समारोह में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता और बड़ी संख्या में नगरवासी मौजूद रहे।
गौरतलब है कि यह उपचुनाव नगर पंचायत के दिवंगत अध्यक्ष स्वर्गीय संतोष मिश्रा के निधन के बाद रिक्त हुए पद के लिए कराया गया था। भाजपा ने उनकी पत्नी सरिता मिश्रा को उम्मीदवार बनाया था, जिन्हें जनता का व्यापक समर्थन मिला और उन्होंने जीत हासिल की।


पदभार ग्रहण के दौरान समारोह भावुक क्षणों का साक्षी बना। अपने दिवंगत पति को याद करते हुए सरिता मिश्रा की आंखें नम हो गईं। उन्होंने कहा कि उनके पति ने नगर के विकास को लेकर कई सपने देखे थे और कई योजनाओं की शुरुआत भी की थी, लेकिन असमय निधन के कारण वे कार्य अधूरे रह गए।
भावुक स्वर में उन्होंने कहा—
“मैं अपने पति के अधूरे सपनों को पूरा करने का संकल्प लेती हूं। नगर के विकास के लिए जो कार्य बाकी हैं, उन्हें पूरी निष्ठा, ईमानदारी और जनविश्वास के साथ आगे बढ़ाऊंगी। जनता ने जो भरोसा जताया है, उस पर खरा उतरने का हर संभव प्रयास करूंगी।”
सरिता मिश्रा ने अपनी जीत का श्रेय भाजपा के वरिष्ठ नेतृत्व, कार्यकर्ताओं और नगर की जनता को देते हुए कहा कि यह जीत किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि पूरे सहसपुर लोहारा की जीत है।
वहीं चुनाव अभियान में सक्रिय भूमिका निभाने वाले गोपाल साहू ने भी सभी वरिष्ठ नेताओं, कार्यकर्ताओं और मतदाताओं का आभार जताते हुए कहा कि संगठन की रणनीति, कार्यकर्ताओं की मेहनत और जनता के विश्वास से यह सफलता संभव हो सकी।
शपथ ग्रहण समारोह में समर्थकों ने फूल-मालाओं से स्वागत कर नई जिम्मेदारी के लिए शुभकामनाएं दीं। अब नगरवासियों की उम्मीदें सरिता मिश्रा से जुड़ गई हैं, जिन्होंने विकास और जनसेवा के नए संकल्प के साथ जिम्मेदारी संभाल ली है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button