कवर्धा,बोड़ला में खनन माफिया बेखौफ! सड़क की क्षमता 12 टन, दौड़ रहा 40 टन का हाइवा,देखिए वीडियो

प्रदीप गुप्ता कवर्धा,कवर्धा। कबीरधाम जिले के बोड़ला ब्लॉक में प्रशासन के नाक के नीचे कथित अवैध मुरुम उत्खनन का मामला सामने आया है। बरकोही डैम के पास मुरुम के अवैध उत्खनन और परिवहन का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। संबंधित विभाग गहरी नींद में सोई हुई है, आखिरकार अवैध खनन पर कब लगाम प्रशासन कसेगी । 
ग्रामीणों का आरोप है कि मुख्यमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के तहत करोड़ों रुपये की लागत से बनाई गई सड़क पर क्षमता से अधिक वजन वाले हाइवा दौड़ाए जा रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 12 टन क्षमता वाली सड़क पर लगभग 40 टन तक के ओवरलोड हाइवा चलने से सड़क के किनारे और सोल्डर धंसने की स्थिति बन रही है।
वायरल वीडियो में मुरुम परिवहन कर रहे हाइवा चालक के पास ड्राइविंग लाइसेंस नहीं होने का भी दावा किया जा रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि रोकने या मना करने पर वाहन चालक कथित तौर पर दादागिरी पर उतर आया।
बारिश के मौसम में ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से सड़क के साइड कॉर्नर और सोल्डर खराब होने की शिकायतें सामने आती रही हैं। हाल ही में पीएमजीएसवाई की सड़क का सोल्डर भी भारी वाहन की आवाजाही से धंसने का मामला सामने आया था, जिसका वीडियो ग्रामीणों ने सोशल मीडिया पर वायरल किया था।
सरकार गांवों को मुख्य मार्गों से जोड़ने, बच्चों की स्कूल तक पहुंच आसान बनाने और एंबुलेंस जैसी आवश्यक सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के लिए करोड़ों रुपये खर्च कर सड़कें बना रही है। ऐसे में यदि अवैध उत्खनन और ओवरलोड परिवहन के कारण सड़कें क्षतिग्रस्त होती हैं, तो सड़क की गुणवत्ता और निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े होते हैं।
अब बड़ा सवाल यह है कि बरकोही डैम के पास कथित अवैध मुरुम उत्खनन की अनुमति किसके पास है? क्या संबंधित विभाग को इसकी जानकारी है? और अगर नियमों का उल्लंघन हुआ है, तो जिम्मेदार लोगों पर कब कार्रवाई होगी?
ग्रामीणों ने जिला प्रशासन और खनिज विभाग से मामले की जांच कर अवैध उत्खनन और ओवरलोड परिवहन पर तत्काल रोक लगाने की मांग की है।





