सेवा संकल्प अभियान को लेकर कवर्धा में तैयारियां तेज, सभी वर्गों की सहभागिता पर जोर
कलेक्टर के निर्देश पर जिला पंचायत सीईओ ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों की बैठक लेकर बनाई रणनीति

प्रदीप गुप्ता कवर्धा,कबीरधाम जिले में सेवा संकल्प अभियान के सफल आयोजन और प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कलेक्टर तुलिका प्रजापति के निर्देश पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी अभिषेक अग्रवाल ने अधिकारियों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधियों की बैठक लेकर अभियान के तहत होने वाली विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी।
जिला पंचायत सीईओ अभिषे
क अग्रवाल ने कहा कि सेवा संकल्प अभियान को सफल बनाने के लिए समाज के सभी वर्गों की सक्रिय सहभागिता जरूरी है। सामूहिक प्रयास और जनभागीदारी से अभियान को व्यापक स्वरूप दिया जा सकता है। उन्होंने समाज प्रमुखों, जनप्रतिनिधियों और सामाजिक संगठनों से अभियान से जुड़कर सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष कैलाश चंद्रवंशी, नगर पालिका अध्यक्ष चंद्रप्रकाश चंद्रवंशी, अपर कलेक्टर नरेन्द्र पैकरा सहित जनप्रतिनिधि, समाज प्रमुख और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
17 सितंबर से ‘आशीर्वाद का दीया’ के साथ होगा शुभारंभ
बैठक में बताया गया कि सेवा संकल्प अभियान का शुभारंभ 17 सितंबर की शाम ‘आशीर्वाद का दीया’ कार्यक्रम के साथ होगा। अभियान के दौरान विभिन्न आयु वर्ग और समुदायों को जोड़ते हुए सेवा, सहभागिता और जनकल्याण से जुड़ी कई गतिविधियां आयोजित की जाएंगी।
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ से विद्यार्थियों की होगी सहभागिता
‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ पहल के तहत 17 सितंबर से 7 अक्टूबर तक शासकीय और निजी विद्यालयों में ड्राइंग एवं भाषण प्रतियोगिताएं आयोजित की जाएंगी। इनमें विकसित भारत की संकल्पना और 25 वर्षों के सेवा कार्यों को विषय बनाया जाएगा। इसके माध्यम से विद्यार्थियों को राष्ट्र निर्माण और सेवा भावना से जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
‘नमो सेवा गाथा’ से गांव-गांव पहुंचेगा योजनाओं का संदेश
‘नमो सेवा गाथा’ के माध्यम से सेवा कार्यों और जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी गांव-गांव तक पहुंचाई जाएगी। इसके तहत 17 सितंबर से विभिन्न स्थानों पर नुक्कड़ नाटकों का आयोजन होगा। इनके जरिए आम नागरिकों को शासन की योजनाओं और सेवा कार्यों की जानकारी दी जाएगी।
‘आंगन का उत्सव’ में माताओं और बच्चों की होगी भागीदारी
‘आंगन का उत्सव’ कार्यक्रम के तहत 25 सितंबर से 7 अक्टूबर तक आंगनबाड़ी केंद्रों में माताओं और बच्चों की सहभागिता से विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इसका उद्देश्य आंगनबाड़ी केंद्रों को सामुदायिक सहभागिता का केंद्र बनाना और मातृ एवं बाल विकास से जुड़े विषयों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।
‘सेवा मेरा योगदान’ से नागरिकों को मिलेगा सेवा का अवसर
‘सेवा मेरा योगदान’ पहल के तहत 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक नागरिकों और विभिन्न संस्थाओं को सेवा गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर मिलेगा। नागरिक अपने स्तर पर सेवा और जनहित से जुड़ी गतिविधियों में योगदान दे सकेंगे।
‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत लगेंगे शिविर
अभियान के अंतर्गत ‘सेवा सेतु अभियान-सरकार आपके द्वार’ के तहत विधानसभा और विकासखंड स्तर पर शिविर लगाए जाएंगे। इन शिविरों के माध्यम से नागरिकों तक शासन की योजनाओं और सेवाओं की पहुंच सुनिश्चित करने के साथ उनकी समस्याओं के निराकरण की दिशा में पहल की जाएगी।
विभिन्न गतिविधियों से बढ़ेगी जनभागीदारी
सेवा संकल्प अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘रंगोली राष्ट्र-भारत मंडल’, ‘राष्ट्रीय इनोवेशन चैलेंज’ और ‘जनसेवक महाकुंभ-पंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी विभिन्न गतिविधियां भी आयोजित की जाएंगी। इन गतिविधियों के माध्यम से सेवा भावना, नवाचार, जनभागीदारी और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा।



