तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी की जोरदार भिड़ंत, सरकारी शिक्षक समेत तीन की मौत,जांच में जुटी पुलिस

प्रदीप गुप्ता कवर्धा। कबीरधाम जिले के लोहारा थाना क्षेत्र के बीचारपुर के पास बुधवार को तेज रफ्तार बाइक और स्कूटी के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें सरकारी शिक्षक समेत तीन लोगों की मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
हादसे में श्याम चरण, निवासी ग्राम कापसी, जिला राजनांदगांव की मौके पर ही मौत हो गई।
श्याम चरण रणवीरपुर स्थित शासकीय स्कूल में शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वहीं देवदास मार्कंडेय (18 वर्ष), निवासी ढोढमा नवापारा ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया। तीसरे घायल पुनीत रात्रे (19 वर्ष), निवासी ढोढमा नवापारा की इलाज के दौरान मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही लोहारा पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने की कार्रवाई की। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर दुर्घटना के संबंध में आवश्यक जानकारी जुटाई। तीनों मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराया गया, जिसके बाद पुलिस ने शवों को उनके परिजनों को सौंप दिया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, बाइक और स्कूटी की आमने-सामने भिड़ंत हुई है। हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का अभी स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। लोहारा पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और हादसे से जुड़े तथ्यों एवं परिस्थितियों की जांच की जा रही है।





