कवर्धाछत्तीसगढ़बेमेतराराजनांदगांव

डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेल परियोजना की ऐतिहासिक स्वीकृति के बाद राजनांदगांव सांसद संतोष पांडेय ने स्वर्गीय पंडित अर्जुन प्रसाद शर्मा के चित्र पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित की और उनका आशीर्वाद प्राप्त किया।”

कवर्धा। जिले की बहुप्रतीक्षित डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेलवे परियोजना को ऐतिहासिक स्वीकृति मिलने पर रेलवे संघर्ष समिति एवं जिला बोलबम समिति के संयुक्त तत्वावधान में पंचमुखी बुढ़ा महादेव मंदिर परिसर में सांसद श्री संतोष पांडेय का भव्य अभिनंदन एवं नागरिक स्वागत समारोह आयोजित किया गया। इस अवसर पर उपस्थित नागरिकों ने इसे कबीरधाम सहित पूरे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताते हुए हर्ष व्यक्त किया।

वक्ताओं ने कहा कि इस रेलवे लाइन की मांग को लेकर रेलवे संघर्ष समिति ने वर्षों तक निरंतर जनजागरण, ज्ञापन, बैठकें, जनप्रतिनिधियों से संवाद तथा जनसमर्थन अभियान चलाकर इसे जनआंदोलन का स्वरूप दिया। समिति के इस अभियान को जिले के सभी समाज प्रमुखों, सामाजिक संगठनों, व्यापारिक संस्थाओं एवं आम नागरिकों का भरपूर सहयोग प्राप्त हुआ, जिसके परिणामस्वरूप यह मांग राष्ट्रीय स्तर तक मजबूती से पहुंची।

समिति ने बताया कि क्षेत्र की जनभावनाओं को समझते हुए सांसद श्री संतोष पांडेय ने मुख्यमंत्री माननीय श्री विष्णुदेव साय, केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य राज्य मंत्री तथा बिलासपुर सांसद श्री तोखन साहू के साथ रेल मंत्री माननीय श्री अश्विनी वैष्णव के समक्ष इस रेलवे परियोजना की आवश्यकता को प्रभावी ढंग से प्रस्तुत किया। जनहित एवं क्षेत्रीय विकास को प्राथमिकता देते हुए रेल मंत्री श्री वैष्णव ने परियोजना को स्वीकृति प्रदान करते हुए आवश्यक राशि जारी करने की घोषणा की, जिससे वर्षों पुरानी मांग पूरी होने का मार्ग प्रशस्त हुआ।

रेलवे लाइन की स्वीकृति के उपरांत प्रथम बार नगर आगमन पर सांसद श्री संतोष पांडेय का रेलवे संघर्ष समिति एवं जिला बोलबम समिति द्वारा पुष्पमालाओं, शाल एवं श्रीफल भेंट कर आत्मीय स्वागत किया गया। समारोह में उपस्थित नागरिकों ने सांसद का जोरदार स्वागत करते हुए उन्हें इस उपलब्धि के लिए बधाई दी।

अपने संबोधन में सांसद श्री संतोष पांडेय ने कहा कि डोंगरगढ़–कवर्धा–कटघोरा रेलवे लाइन कबीरधाम जिले की “लाइफ लाइन” सिद्ध होगी। इससे रोजगार, व्यापार, उद्योग, पर्यटन, शिक्षा और कृषि क्षेत्र को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि परियोजना की शेष सभी औपचारिकताओं एवं बाधाओं को शीघ्र दूर कर निर्माण कार्य जल्द प्रारंभ कराने के लिए लगातार प्रयास किए जाएंगे। उन्होंने इस ऐतिहासिक निर्णय के लिए प्रधानमंत्री, रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव तथा मुख्यमंत्री श्री विष्णुदेव साय के प्रति आभार व्यक्त किया।

आभार प्रदर्शन करते हुए वरिष्ठ समाजसेवी श्री राजेश माखीजानी ने रेलवे संघर्ष समिति के संस्थापक स्वर्गीय पंडित अर्जुन शर्मा को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस जनआंदोलन की मजबूत नींव उनके अथक परिश्रम, दूरदर्शिता और जनसेवा की भावना से रखी गई थी। उन्होंने कहा कि आज की यह सफलता उनके वर्षों के संघर्ष और हजारों नागरिकों की एकजुटता का परिणाम है।

कार्यक्रम के अंत में सांसद श्री संतोष पांडेय ने पंचमुखी बुढ़ा महादेव मंदिर में भगवान भोलेनाथ, श्री शनिदेव एवं पूज्य महाराज जी के श्रीचरणों में विधिवत पूजन-अर्चन कर क्षेत्र की सुख-समृद्धि, विकास एवं रेलवे परियोजना के शीघ्र निर्माण की कामना की।

इस अवसर पर रेलवे संघर्ष समिति के वरिष्ठ सदस्य बन्टी (मनीष) तिवारी, संजय श्रीवास्तव, वरिष्ठ अधिवक्ता दीनानाथ शर्मा, बलबीर खनूजा, संजय देसाई, संजीव झाड़े, देवांगन समाज के अध्यक्ष श्री नरेन्द्र देवांगन, शम्भू देवांगन, जिला बोलबम समिति से वीरेन्द्र शर्मा, देवेन्द्र पांडेय, सुभाष गुप्ता, बस मालिक संघ से मनोज गुप्ता एवं मनोज शर्मा, वार्ड पार्षद सोनू सुषमा उपाध्याय, शुद्ध शर्मा, जिला ब्राह्मण समाज के सचिव सुरेश शर्मा, मनोज श्रीवास, सोनू शर्मा, पत्रकार निखिल सोनी, अयोध्या चंद्रवंशी गुप्ता समाज के अध्यक्ष श्री प्रभात गुप्ता, कन्हैया गुप्ता, सनत तिवारी, वयोवृद्ध श्री आत्मानंद उपाध्याय सहित जिले के विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि एवं सैकड़ों की संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button