कवर्धाछत्तीसगढ़

रणवीरपुर में महिलाओं को बड़ी सौगात, महतारी सदन सहित ₹65.64 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

कवर्धा,पंडरिया विधानसभा क्षेत्र के ग्राम रणवीरपुर में विधायक भावना बोहरा ने ₹65 लाख 64 हजार से अधिक की लागत वाले विभिन्न जनहित एवं अधोसंरचना निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस दौरान सबसे पहले महिलाओं के लिए तैयार महतारी सदन का लोकार्पण किया गया, जिसे महिला सशक्तिकरण और सामाजिक गतिविधियों के लिए एक महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में देखा जा रहा है।
कार्यक्रम के दौरान विधायक ने लगभग ₹51 लाख 14 हजार की लागत से निर्मित महतारी सदन, शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय के उन्नयन कार्य, बूढ़ादेव मंदिर के सामने सामुदायिक भवन और माध्यमिक विद्यालय में अतिरिक्त कक्ष निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया। इसके साथ ही लगभग ₹14 लाख 50 हजार की लागत से बनने वाले सामुदायिक भवन, अटल समरसता भवन और अटल डिजिटल सुविधा केंद्र का भूमिपूजन भी किया गया।
इस अवसर पर विधायक भावना बोहरा ने कहा कि महतारी सदन महिलाओं के सम्मान, सुरक्षा, स्वाभिमान और आत्मनिर्भरता का प्रतीक बनेगा। यह महिलाओं को सामाजिक, सांस्कृतिक और सामुदायिक गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी का अवसर प्रदान करेगा। उन्होंने कहा कि जब महिलाएं सशक्त होती हैं, तब परिवार और समाज दोनों मजबूत होते हैं।
उन्होंने कहा कि इन विकास कार्यों से क्षेत्र में शिक्षा, सामाजिक सुविधाओं और डिजिटल सेवाओं को नई मजबूती मिलेगी। विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक वातावरण मिलेगा और ग्रामीणों को आवश्यक सुविधाओं का लाभ प्राप्त होगा।
कार्यक्रम में जनप्रतिनिधियों, महिला समूहों के सदस्यों और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button