
- प्रदीप गुप्ता कवर्धा, कवर्धा,कबीरधाम जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। पांडातराई थाना क्षेत्र के गड़ाई के पास फोक नदी पर बने पुल से एक तेज रफ्तार कार अनियंत्रित होकर नीचे जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में कार सवार 4 युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीणों और पुलिस टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद घायलों को कार से बाहर निकाला गया और तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को बेहतर इलाज के लिए निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बनी हुई है। मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के लिए पंडरिया स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।
पुलिस के अनुसार, सभी युवक रायपुर के बिरगांव क्षेत्र के निवासी थे और पंडरिया में एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। देर रात समारोह से लौटते समय यह हादसा हुआ। कार में कुल 6 लोग सवार थे।
- मृतकों की पहचान अरमान खान, सौंफ, अनस और कौनेन के रूप में हुई है, जबकि घायलों में जुनैद रज़ा और आरज़ू खान शामिल हैं।
प्राथमिक जांच में हादसे की वजह तेज रफ्तार और वाहन से नियंत्रण खोना बताया जा रहा है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
इस हृदयविदारक हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में मातम पसरा हुआ है, वहीं पूरे इलाके में शोक का माहौल बना हुआ है।






