लोककला और संस्कृति समाज की पहचान, इसे सहेजना हम सबकी जिम्मेदारी – चंद्रेश ठाकुर
शिक्षा को बनाएं विकास का आधार, युवा अपनी ऊर्जा समाज निर्माण में लगाएं; नशे से दूर रहकर सशक्त समाज बनाने का किया आह्वान

राजनांदगांव। दीपावली की रोशनी के बीच महाराष्ट्र के ग्राम चिपोटा में लोककला, संस्कृति और सामाजिक एकजुटता का अनूठा संगम देखने को मिला। दीपावली की रात्रि आयोजित रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम में छत्तीसगढ़ के जनसंपर्क अधिकारी एवं गोंडवाना समाज के अधिकारी-कर्मचारी प्रकोष्ठ के संभागीय संरक्षक चंद्रेश ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने कला और संस्कृति को समाज की आत्मा बताते हुए कहा कि किसी भी समाज की पहचान उसकी सांस्कृतिक विरासत, परंपराओं और जीवन मूल्यों से होती है। कला एवं संस्कृति के बिना मानव जीवन की पूर्णता की कल्पना नहीं की जा सकती।
ठाकुर ने कहा कि लोकगीत, लोकनृत्य, नाटक और संगीत केवल मनोरंजन के साधन नहीं हैं, बल्कि ये पीढ़ियों से चली आ रही परंपराओं और सामाजिक चेतना को जीवंत रखने का माध्यम हैं। सांस्कृतिक आयोजन समाज को जोड़ने के साथ आपसी भाईचारे और एकता को भी मजबूत करते हैं। उन्होंने लोगों से अपनी लोकसंस्कृति और परंपराओं को संरक्षित रखने तथा नई पीढ़ी तक पहुंचाने का आह्वान किया।
शिक्षा से संवरेगा बच्चों का भविष्य, युवा बनें समाज की ताकत
अपने संबोधन में ठाकुर ने अभिभावकों से बच्चों को उच्च शिक्षा दिलाने और उनकी पढ़ाई को सर्वोच्च प्राथमिकता देने की अपील की। उन्होंने कहा कि शिक्षित पीढ़ी ही समाज और राष्ट्र के विकास की मजबूत नींव रख सकती है। युवाओं को समाज की सबसे बड़ी ताकत बताते हुए उन्होंने कहा कि उनकी ऊर्जा और प्रतिभा का उपयोग सकारात्मक कार्यों, सामाजिक उत्थान और जनकल्याण में होना चाहिए।
नशामुक्त समाज के लिए सामूहिक पहल जरूरी
ठाकुर ने नशापान को सामाजिक और आर्थिक विकास की बड़ी बाधा बताते हुए कहा कि नशे की लत व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ पूरे परिवार को प्रभावित करती है। इससे युवाओं का भविष्य और समाज की प्रगति दोनों बाधित होते हैं। उन्होंने ग्रामीणों से नशामुक्त समाज बनाने के लिए सामूहिक संकल्प लेने की अपील की। साथ ही शिक्षा के साथ व्यापार और व्यवसाय को अपनाकर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनने का संदेश दिया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता वरिष्ठ समाजसेवी एवं गोंडवाना समाज के ब्लॉक अध्यक्ष बाबूराव हिडगों ने की। विशेष अतिथि के रूप में संजय तारम, सुरतियसा बाई, सांगसुरवार, चैन सिंह मंडावी, सावित्री बाई, गणेश जी एवं सविता बाई सहित समाज के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने आयोजन में लोकपरंपराओं के रंग भरने के साथ सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सहेजने का संदेश दिया।





