कवर्धाछत्तीसगढ़

कवर्धा,कलेक्टर का औचक निरीक्षण: सड़क की खुदाई कर परखी गुणवत्ता,प्राथमिक जांच से हुआ संतुष्ट,देखिए वीडियो..

प्रदीप गुप्ता,कवर्धा। कबीरधाम जिले में इन दिनों सड़क निर्माण कार्य तेज़ी से जारी है। इसी बीच कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता परखने के लिए सख्त रुख अपनाते हुए पिपरिया नगर पंचायत से गांगपुर तक बन रही सड़क का औचक निरीक्षण

b259794b-579d-47e4-ab6e-7ebd1b97bcba

लोक निर्माण विभाग द्वारा लगभग 3 करोड़ 90 लाख रुपये की लागत से 3.80 किलोमीटर लंबी सड़क का निर्माण किया जा रहा है। निरीक्षण के दौरान कलेक्टर गोपाल वर्मा अचानक मौके पर पहुंचे और खुद तकनीकी उपकरणों की मदद से सड़क की गुणवत्ता की जांच की। उन्होंने डामरीकरण, गिट्टी-बजरी और अन्य निर्माण सामग्री का बारीकी से परीक्षण किया।
इतना ही नहीं, कलेक्टर ने मौके पर ही सड़क की खुदाई कर अंदरूनी परतों की भी जांच करवाई, जिससे निर्माण कार्य की वास्तविक गुणवत्ता सामने आ सके। इस दौरान लोक निर्माण विभाग के अधिकारी और संबंधित ठेकेदार मौके पर मौजूद रहे।
पीडब्ल्यूडी अधिकारियों ने जानकारी दी कि सड़क निर्माण कार्य अभी प्रगति पर है और डामरीकरण सहित अन्य प्रक्रियाएं जारी हैं। उन्होंने भरोसा दिलाया कि शासन के मापदंडों के अनुसार मजबूत और टिकाऊ सड़क बनाई जाएगी।
हालांकि प्राथमिक जांच में सड़क की गुणवत्ता संतोषजनक पाई गई, लेकिन पारदर्शिता और गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए सैंपल को लैब परीक्षण हेतु भेजा गया है। कलेक्टर ने अधिकारियों और ठेकेदार को सख्त निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं होना चाहिए।
कलेक्टर के इस औचक निरीक्षण से अन्य निर्माण कार्यों में लगे अधिकारियों और ठेकेदारों में भी हड़कंप मच गया है।
यह सड़क लंबे समय से ग्रामीणों की मांग रही है, क्योंकि पिपरिया से गांगपुर तक का मार्ग बेहद जर्जर हो चुका था। सड़क बनने से अब स्कूली बच्चों, मरीजों के लिए एंबुलेंस सुविधा और आम नागरिकों को आवागमन में बड़ी राहत मिलेगी।
बताया जा रहा है कि प्रदेश के उपमुख्यमंत्री विजय शर्मा की पहल पर इस सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता दी गई है।

फिलहाल कलेक्टर गोपाल वर्मा ने निरीक्षण के बाद कार्य से संतुष्टि जताई और अन्य विकास कार्यों का जायजा लेने के लिए आगे बढ़ गए।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button