कवर्धाबेमेतराराजनांदगांव

जंगल, नदी और पथरीली राहों के बीच आस्था का सफर, पंडरिया विधानसभा में पहुंची 500 कांवड़ियों की यात्रा,देखिए वीडियो..

प्रदीप गुप्ता कवर्धा। कवर्धा,अमरकंटक से भोरमदेव तक निकली 151 किलोमीटर लंबी कांवड़ पदयात्रा अब पंडरिया विधानसभा क्षेत्र में प्रवेश कर चुकी है। यात्रा के तीसरे दिन वन ग्राम महामाई से गौरकांपा तक कांवड़ियों ने दुर्गम जंगलों और कठिन रास्तों के बीच पैदल सफर तय किया। इस दौरान पूरे मार्ग में ‘हर-हर महादेव’ और ‘बोल बम’ के जयघोष गूंजते रहे।

पंडरिया विधायक भावना बोहरा के नेतृत्व में करीब 500 कांवड़िए मां नर्मदा का पवित्र जल लेकर लगातार आगे बढ़ रहे हैं। तीसरे दिन का सफर आसान नहीं था। घने जंगलों के बीच पथरीली पगडंडियां, ऊबड़-खाबड़ रास्ते और नदी के तेज बहाव ने कांवड़ियों की परीक्षा ली। कई जगह श्रद्धालुओं को नदी के पानी के बीच से होकर गुजरना पड़ा, लेकिन आस्था के आगे मुश्किलें भी छोटी नजर आईं।

यात्रा जैसे-जैसे पंडरिया विधानसभा की ओर बढ़ी, क्षेत्र में श्रद्धालुओं का उत्साह भी बढ़ता गया। कांवड़िए एक-दूसरे का हौसला बढ़ाते हुए कदम से कदम मिलाकर आगे बढ़ते रहे। जंगल की खामोशी के बीच गूंजते भोलेनाथ के जयकारों ने पूरे वातावरण को शिवमय कर दिया।

विधायक भावना बोहरा ने कहा कि यह पदयात्रा केवल एक धार्मिक यात्रा नहीं, बल्कि छत्तीसगढ़ की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए लिया गया संकल्प है। उन्होंने कहा कि कठिन रास्तों के बावजूद कांवड़ियों का उत्साह लगातार बना हुआ है और मां नर्मदा के जल को लेकर भोरमदेव पहुंचना ही सभी का लक्ष्य है।

  1. यात्रा के दौरान कांवड़ियों की सेवा और सहयोग के लिए स्थानीय लोगों की सहभागिता भी देखने को मिली। श्रद्धा, सेवा और सामूहिक संकल्प के साथ यह यात्रा अब अपने अगले पड़ाव की ओर बढ़ रही है। भोरमदेव पहुंचकर भगवान शिव का जलाभिषेक करने के साथ इस 151 किलोमीटर के संकल्प का समापन होगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button